सागर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 57 वर्षीय अधेड़ पर 35 वर्षीय महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पीड़िता ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सागर से की है।
पीड़िता द्वारा दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार उसकी मुलाकात सिरोंज स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में आरोपी से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास में उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे भी हैं।
यह जानकारी मिलने के बाद महिला ने आरोपी से दूरी बना ली। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने महिला की निजी तस्वीरों का सहारा लेकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस महानिरीक्षक सागर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।