सागर। मकरोनिया निवासी मनी सिंह गुरोन ने एक प्रकरण में निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा जांच अधिकारी को बदले जाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक सागर को आवेदन सौंपा है। उन्होंने मकरोनिया थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक राजेश शर्मा को जांच से हटाकर किसी अन्य अधिकारी को प्रकरण की जांच सौंपने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि मनी सिंह गुरोन द्वारा पूर्व में सोहेल खान नामक व्यक्ति के विरुद्ध थाना मकरोनिया में शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसकी जांच वर्तमान में उपनिरीक्षक राजेश शर्मा द्वारा की जा रही है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद मामले में कोई ठोस एवं संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जांच अधिकारी की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय एवं मानवाधिकार आयोग को भी पत्राचार किया जा चुका है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच अधिकारी के व्यवहार में पक्षपातपूर्ण रवैया दिखाई दे रहा है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती नजर आ रही है।
मनी सिंह गुरोन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए जांच अधिकारी को बदला जाए और किसी अन्य सक्षम अधिकारी को प्रकरण सौंपा जाए।
अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है।
